यह पता चलना कि जिस व्यक्ति पर आपने भरोसा किया, उसने आपको पैसे या निजी जानकारी हासिल करने के लिए धोखा दिया, बहुत भारी और परेशान करने वाला अनुभव हो सकता है। आपको गुस्सा, डर, शर्मिंदगी या भावनात्मक रूप से सुन्न महसूस हो सकता है, या आप यह समझ नहीं पा रहे होंगे कि वास्तव में क्या सच था। धोखे और नुकसान के प्रति ये स्वाभाविक प्रतिक्रियाएँ हैं। इसमें आपकी कोई गलती नहीं है । जिस व्यक्ति ने आपको धोखा दिया, उसकी ज़िम्मेदारी है—आपकी नहीं।
अभी ये करें:
- हर बैंक या भुगतान प्रदाता से संपर्क करें : उनकी आधिकारिक ऐप या कार्ड से एक विश्वसनीय नंबर का उपयोग करें, न कि उस व्यक्ति द्वारा दिए गए नंबर का। उनसे भुगतान रोकने या उसे वापस लेने का अनुरोध करें, अपने अकाउंट्स को सुरक्षित करें और अपने केस नंबर को नोट कर लें।
- पैसे या जानकारी भेजना बंद करें : उस व्यक्ति का सामना न करें, क्योंकि ऐसा करने से आपकी शारीरिक सुरक्षा को खतरा हो सकता है। यदि आप तत्काल खतरे में हैं, तो आपातकालीन सेवाओं को कॉल करें।
- उन्हें ब्लॉक करने से पहले सबूत सुरक्षित रखें : स्क्रीनशॉट, यूजरनेम, रसीदें, तारीखें और राशियाँ सुरक्षित रखें। एक कॉपी ऐसी जगह रखें जहाँ वे पहुँच न सकें।
आपके पैसे वापस मिलने की कोई गारंटी नहीं है, और आपके अधिकार आपके देश और भुगतान विधि पर निर्भर करते हैं, लेकिन जल्दी कार्रवाई करना मददगार होता है। तारीखों, आपने किससे बात की और उन्होंने आपको क्या बताया, इन सब चीज़ों का रिकॉर्ड रखें। यदि आपका क्लेम अस्वीकृत कर दिया जाता है, तो लिखित में कारण और आगे क्या करना है, इसकी जानकारी मांगें।
अपने अकाउंट्स को सुरक्षित रखें:
- अपने सभी पासवर्ड बदलें, सबसे पहले ईमेल का पासवर्ड बदलें। प्रत्येक अकाउंट के लिए अलग पासवर्ड का उपयोग करें या पासवर्ड मैनेजर का उपयोग करें।
- दो-कारक प्रमाणीकरण चालू करें और उन डिवाइसों या फ़ॉरवर्डिंग नियमों की जांच करें जिन्हें आप नहीं पहचानते।
- अगर उस व्यक्ति के पास पहले आपके फ़ोन तक पहुँच थी या वह आपके वेरिफ़िकेशन कोड देख सकता था, तो अपने मोबाइल सेवा प्रदाता से संपर्क करें।
- अगर आपने पहचान पत्र (जैसे, ID कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट) या वित्तीय जानकारी शेयर की है, तो जारीकर्ता प्राधिकरण और अपने देश की पहचान चोरी सेवा से संपर्क करें।
- अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स को निजी रखें, ऐसे संपर्कों को हटा दें जिन्हें आप नहीं जानते या जिन्हें आपने उस धोखेबाज़ के ज़रिए जोड़ा था। अगर अनचाहा संपर्क जारी रहता है, तो अपनी संपर्क जानकारी बदलने के बारे में सोचें। धोखेबाज आपसे दोबारा संपर्क करने की कोशिश में संपर्क बनाए रखने का प्रयास करेंगे, या अगर वे आपसे संपर्क कर पाते हैं तो आपको और नुकसान पहुंचाने के लिए दबाव का इस्तेमाल करेंगे।
"रिकवरी" घोटालों से सावधान रहें: कोई व्यक्ति खुद को वकील, जांचकर्ता, अधिकारी, हैकर या "रिकवरी सेवा" बताकर आपके पैसे वापस दिलाने का वादा कर सकता है। पैसे वापस पाने के लिए कभी भी अग्रिम फीस न दें या अपने अकाउंट का एक्सेस शेयर न करें।
Bumble को उस अकाउंट की रिपोर्ट करें:
रिपोर्ट करने से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि क्या हुआ और अन्य सदस्यों को सुरक्षित रखने में मदद मिलती है। रिपोर्ट गोपनीय और गुमनाम होती हैं।
- उस व्यक्ति की प्रोफ़ाइल खोलें
- नीचे स्क्रॉल करें
- 'रिपोर्ट' या 'ब्लॉक करें और रिपोर्ट करें' को चुनें।
अगर आपने उन्हें पहले ही अनमैच कर दिया है या उनकी प्रोफ़ाइल नहीं मिल रही है, उनका नाम, शिकायत दर्ज करने का कारण और आपके पास मौजूद स्क्रीनशॉट्स के साथ हमारी सहायता टीम से संपर्क करें। आप हमारी ऐप का उपयोग बंद करने के बाद भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए शिकायत दर्ज करने संबंधी हमारी गाइड देखें।
अगर उस व्यक्ति ने किसी और की पहचान का इस्तेमाल किया है, आपको धमकी दी है, या आपकी सहमति के बिना निजी तस्वीरें शेयर करने की धमकी दे रहा है, तो इसमें शामिल हर प्लेटफ़ॉर्म पर इसकी रिपोर्ट करें। सबसे पहले अपने सबूत सुरक्षित रखें और किसी भी ब्लैकमेल की मांग को न मानें।
पुलिस को रिपोर्ट करना:
यह आपका विकल्प है। इससे एक आधिकारिक रिकॉर्ड तैयार हो सकता है, बैंक में किए गए क्लेम को समर्थन मिल सकता है या दूसरों को सुरक्षित रखने में मदद मिल सकती है—हालाँकि आगे क्या होगा, यह अलग-अलग मामलों में अलग हो सकता है।
- अपनी स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय धोखाधड़ी सेवा को रिपोर्ट करें
- एक संक्षिप्त घटनाक्रम, अपने भुगतान रिकॉर्ड, अकाउंट का विवरण, मैसेजस और कोई भी रेफरेंस नंबर शेयर करें। अपने पास एक कॉपी रखें।
- रिपोर्ट नंबर और आगे की कार्रवाई के बारे में पूछें
- यदि आपको बताया जाता है कि यह एक "सिवल मामला" है, तो इसे धोखाधड़ी इकाई को भेजने का अनुरोध करें, या सीधे अपनी राष्ट्रीय रिपोर्टिंग सेवा से संपर्क करें
किसी को बताएं:
यह आप पर निर्भर करता है कि आप किसे बताते हैं और कितनी बातें शेयर करते हैं। ऐसे किसी व्यक्ति को चुनें जो बिना किसी निर्णय के आपकी बात सुने और चीज़ों को व्यवस्थित करने में आपकी मदद कर सके।
आप इस तरह कह सकते हैं: "किसी ने जानबूझकर मेरे भरोसे का दुरुपयोग किया। मुझे किसी के फैसले या आलोचना की ज़रूरत नहीं है। मुझे बस आपकी सुनने और [विशिष्ट कार्य] में मेरी मदद करने की आवश्यकता है।"
अगर वे आपको दोष दें, तो आप बातचीत वहीं खत्म कर सकते हैं: “अगर मुझे ही दोष दिया जा रहा है, तो मैं इस बारे में बात नहीं करना चाहता/चाहती।” उनकी प्रतिक्रिया से यह आपकी गलती नहीं बन जाती। Chayn की गाइड,,किसी को बताना कि क्या हुआ, आपको यह तय करने में मदद कर सकता है कि दूसरों के साथ कब और कैसे शेयर करना है।
अपना ख्याल रखें:
रोमांस फ्रॉड का मतलब एक ही समय में पैसे, एक रिश्ते और दूसरों पर भरोसा करने की अपनी क्षमता—तीनों को खोना हो सकता है। इससे उबरना आसान नहीं है, और आपको अपनी भावनाओं को सही ठहराने की ज़रूरत नहीं है।
कोई भरोसेमंद व्यक्ति, थेरेपिस्ट, पीड़ितों और इससे उबर रहे लोगों के लिए सहायता सेवा या LoveSaidजैसी विशेषज्ञ संस्था आपकी मदद कर सकती है। साथ ही, Bloom, हमारा निःशुल्क ऑनलाइन आघात सहायता और शिक्षा कार्यक्रम, जो अंग्रेजी, स्पेनिश, फ्रेंच, हिंदी, पुर्तगाली और जर्मन में उपलब्ध है, भी आपकी मदद कर सकता है। Bloom के संसाधन दुर्व्यवहार के पीड़ितों द्वारा बनाए गए हैं, और इनमें शामिल हैं:
- Bloom टीम को उनके पाठ्यक्रमों के बारे में मैसेज भेजें
- Bloom की ओर से WhatsApp पर भेजे जाने वाले छोटे-छोटे सकारात्मक संदेशों के लिए साइन अप करना
- पीड़ितों और उनके सहयोगियों की पॉडकास्ट-शैली में बताई गई बातों को सुनना – रोमांस फ्रॉड को समझना के 3 एपिसोड हैं: 1) अनुभव और अपनाई गई रणनीतियाँ , 2) बैंकों, पुलिस, कानूनी व्यवस्था और सहायता सेवाओं में रिपोर्ट करने की प्रक्रिया को समझना और आगे बढ़ना , और 3) दोबारा भरोसा करना सीखने की उपचार और उबरने की यात्रा।
- रोमांस फ्रॉड के पीड़ितों के लिए एक लाइसेंस प्राप्त थेरेपिस्ट द्वारा संचालित ऑनलाइन पीयर सपोर्ट ग्रुप (यदि आप इच्छुक हैं तो हमारी सहायता टीम से संपर्क करें)।
मुफ़्त और गोपनीय स्थानीय सहायता के लिए, Find a Helpline देश, क्षेत्र और राज्य के अनुसार हेल्पलाइन की सूची उपलब्ध कराता है। इसमें उनसे संपर्क करने के तरीके—फ़ोन, चैट या टेक्स्ट—की जानकारी भी दी गई है।
यदि आपको लगता है कि आप खुद को नुकसान पहुंचा सकते हैं, या आप तत्काल खतरे में हैं, तो आपातकालीन सेवाओं या संकट हेल्पलाइन से तुरंत संपर्क करें।
आपको ऐसे व्यक्ति ने निशाना बनाया जिसने जानबूझकर आपके भरोसे का गलत फायदा उठाया। यह उनकी गलती है, आपकी नहीं। आपको आगे की चुनौतियों का अकेले सामना करने की आवश्यकता नहीं है।